दुर्ग. भिलाई के भाजपा नेता डॉ दीप चटर्जी के आवास पर भीड़ का बड़ा हमला हुआ है। इसका कारण आर्थिक विवाद बताया जा रहा है। हांलांकि चटर्जी ने पार्टी के बड़े नेताओं और उनके रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाये हैं।
सूत्रों के मुताबिक आज रविवार दोपहर भिलाई के भाजपा नेता डॉक्टर दीप चटर्जी के स्मृति नगर निवास पर कथित भाजपाईयों ने हमला बोल दिया, जिसका वीडियो भी वायरल हो गया है। दोनों पक्ष स्मृति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं।
भाजपा नेता दीप चटर्जी ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि डॉक्टर दीप चटर्जी ने बीते शनिवार को फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा था। जिसमें उन्होंने लिखा है कि भाजपा में चंदे को चंदा नहीं समर्पण निधि कहा जाता है। चंदा तो शाही दहशरा वाले लोग लेते हैं।
बताया जा रहा है कि यह बात शाही दशहरा तथा भाजपा के कुछ लोगों को नागवार गुजरी। रविवार दोपहर भारी संख्या में भाजपाईयों ने डॉक्टर दीप चटर्जी के घर हमला बोल दिया। मौके पर चारुलता पाण्डेय तथा कई महिलाएं भी मौजूद थीं। उस वक्त घर पर डॉक्टर दीप चटर्जी की माता, पत्नी तथा स्वयं डाक्टर मौजूद थे।
डॉक्टर दीप चटर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें न केवल गंदी गालियां बकी गईं, बल्कि घर पर ईंट पत्थर भी फेंके गए। हमले की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची तथा मामला शांत कराया। उसके बाद दोनों पक्ष स्मृति नगर थाने पहुंचे। जहां दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।