बालाघाट, 2 जनवरी। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अनियमितताएं पाए जाने पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. परसवाड़ा के प्रशासक एम के मानेश्वर ने धान खरीदी केन्द्र चंदना के प्रभारी लोकेश पटले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार उप आयुक्त सहकारिता ने 27 दिसंबर को चंदना के धान खरीदी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान किसानों से खरीदी गई धान के बोरों के वजन में गंभीर अनियमितता पाई गई। इसके बाद जांच के उपरांत कल श्री पटले को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका कार्यस्थल समिति मुख्यालय परसवाड़ा रहेगा।