अनिल द्विवेदी
रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा की टिप्पणी को लेकर हंगामा हो गया और उस टिप्पणी को आसंदी ने विलोपित करने का आदेश दिया तब स्थिति सामान्य हुई।
दरअसल भोजन अवकाश के बाद जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने मुंगेली जिले में थर्ड जेंडर आरक्षकों की पुलिस में भर्ती का मुद्दा उठाया। शर्मा ने कहा कि थर्ड जेंडर पुलिस की नियुक्ति पहली बार हुई है, पूरे देश में इसे अनूठा बताया जा रहा है लेकिन इसका औचित्य क्या है। शिवरतन शर्मा ने कहा कि इन्हें किस श्रेणी में रखा जाएगा, क्या इन्हें महिला माना जाएगा। थर्ड जेंडर को आप पुरुष मानते हैं या फिर महिला।
इस पर सदन गर्म हो गया और सत्ता पक्ष की तरफ से मंत्री अमरजीत भगत ने इसका विरोध किया और गलत टिप्पणी करार दिया और सदन की आसंदी से इसे विलोपित करने का आग्रह किया। शिवरतन शर्मा की टिप्पणी पर सत्ता पक्ष की महिला विधायकों ने भी आपत्ति की। उन्होंने कहा कि आप महिलाओं का नाम मत लीजिए। महिलाएं यहां पर विधायक हैं और महिलाओं के लिए इस तरह की टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
हालांकि यह साफ नहीं हो सका शिवरतन शर्मा ने क्या महिलाओं का नाम लिया था या नहीं लेकिन उनकी टिप्पणी हंगामेदार रही। सदन की आपत्ति के बाद आसन्दी की ओर से टिप्पणी को विलोपित करने का निर्देश हुआ। उसके बाद मामला शांत हुआ।